बिलासपुर : समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए गठबंधन का सत्ता में आना जरूरी

बिलासपुर : राज्य में समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए बहुजन समाज पार्टी और जेसीसीजे को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने का आव्हान करते हुए बसपा प्रमुख सुश्री मायावती ने कहा कि राज्य में समाज के सभी वर्गों के उत्थान और विकास के लिए इस गठबंधन का सत्ता में आना जरूरी है। राज्य की भाजपा सरकार ने समाज के पिछड़े और दलितों की घोर उपेक्षा की है।
उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यदि उनकी सरकार बनी तो प्रदेश से नक्सलवाद का खात्मा हो जाएगा। गठबंधन को लेकर उत्साहित मायावती ने कहा कि कांग्रेस से गठबंधन नहीं होने पर कांग्रेस पार्टी बौखला गई है, जिसके चलते उनकी ओर से तरह-तरह की अफवाहें फैलाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि कम सीटें देकर गठबंधन का सपना संजोने वालों के चलते पिछली बार भी गठबंधन नहीं हो सका था। इधर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे के प्रमुख अजीत जोगी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छोडऩे के बाद से ही प्रदेश में कांग्रेस संगठन की स्थिति जर्जर भवन की तरह हो गई है। उनके पार्टी छोडऩे के बाद उनके छोटे भाई जैसे रामदयाल उईके ने भी कांग्रेस से विदा ले लिया है। यह इस बात का सबूत है कि कांग्रेस में अब कुछ नहीं बचा है।