सक्ति के वेदांता प्लांट में ब्लास्ट से हड़कंप: 17 मजदूरों की मौत, 19 जिंदगी की जंग में

रायपुर। सक्ति जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता प्लांट में हुए भीषण बॉयलर विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। हादसे के तुरंत बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया और राहत-बचाव कार्य तेज़ी से शुरू किया गया। राज्य स्तर पर भी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, जहां शीर्ष नेतृत्व द्वारा अधिकारियों से लगातार अपडेट लिया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घायलों को तत्काल रायगढ़ के निजी और सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल श्रमिकों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया। घटनास्थल को पूरी तरह सील कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा देने में कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही है। मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है और अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव देह उनके गृहग्राम भेजने की व्यवस्था की गई है। साथ ही प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
हादसे में प्रभावित श्रमिकों के लिए राहत भरा फैसला लेते हुए यह तय किया गया है कि वे पूरी तरह स्वस्थ होने तक बिना उपस्थिति के वेतन प्राप्त करते रहेंगे। मुआवजा राशि को लेकर प्रशासन और कंपनी के बीच सहमति बन चुकी है, जबकि पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
इस दर्दनाक हादसे में कुल 36 श्रमिक प्रभावित हुए, जिनमें से 17 की मौत हो चुकी है और 19 घायल हैं। कंपनी प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 35 लाख रुपये और रोजगार सहायता देने का ऐलान किया है, जबकि घायलों को 15 लाख रुपये की मदद और इलाज के दौरान वेतन जारी रखने की बात कही गई है।
सरकार की ओर से भी सहायता राशि की घोषणा की गई है, जिसमें मृतकों के परिजनों और घायलों को अलग-अलग आर्थिक मदद दी जाएगी।



