स्वतंत्रता दिवस समारोह में छत्तीसगढ़ पुलिस के जांबाजों का सम्मान, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पदकों से अलंकृत

80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में छत्तीसगढ़ पुलिस और नगर सेना के अधिकारियों व जवानों को उनकी कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट कार्यकुशलता और विशिष्ट सेवाओं के लिए पदक एवं राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए गए।
रक्षित केंद्र धमतरी के सहायक उप निरीक्षक रामावतार सिंह राजपूत को 36 वर्षों से अधिक की निष्ठावान सेवा और आधारभूत प्रशिक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक-2026 से सम्मानित किया गया।
अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, सराहनीय सेवाओं और आधुनिक नवाचारों के लिए कुल 10 पुलिसकर्मियों को भारतीय पुलिस पदक-2026 प्रदान किया गया। इनमें बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल, रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, एटीएस नवा रायपुर की पुलिस अधीक्षक राजश्री मिश्रा, रायपुर ग्रामीण की पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा सहित अन्य अधिकारी व जवान शामिल रहे।
आपदा प्रबंधन और जनसेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए नगर सेना राजनांदगांव के नायक उत्तम कुमार साहू को शिवनाथ नदी में बाढ़ बचाव कार्य तथा नगर सेना रायपुर के लांस नायक जोगेश्वर कुमार धीवर को उत्कृष्ट गोताखोरी और प्रशिक्षण के लिए गृह रक्षक तथा नागरिक सुरक्षा सराहनीय सेवा पदक-2026 से सम्मानित किया गया।
वहीं कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति-जनजाति तथा महिला एवं बाल सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को वर्ष 2025 के राज्य स्तरीय एवं पुलिस महानिदेशक पुरस्कार प्रदान किए गए। जांजगीर-चांपा के सहायक उप निरीक्षक रामेश्वर प्रसाद यादव को गुरु घासीदास पुरस्कार, रायपुर की निरीक्षक अर्चना धुरंधर को राज्यपाल पुरस्कार एवं रानी सुबरन कुंवर पुरस्कार, गरियाबंद की एसडीओपी निशा सिन्हा को मुख्यमंत्री पुरस्कार, अजाक थाना बिलासपुर के निरीक्षक उत्तम साहू को शहीद वीरनारायण सिंह पुरस्कार तथा डीएसपी अजाक बिलासपुर डी.आर. टंडन को पुलिस महानिदेशक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
समारोह में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद के संपूर्ण प्रभार और नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल कुमार पाठक के नेतृत्व में भव्य परेड हुई। केंद्रीय अर्धसैनिक बलों, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस, जेल पुलिस, नगर सेना, एनसीसी और विशेष शाखाओं की टुकड़ियों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।




