Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ महतारी को किया नमन

Chhattisgarh state completed 25 years of its establishment, Chief Minister Vishnu Dev Sai paid homage to Chhattisgarh Mata.

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और सर्वांगीण विकास की कामना की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोक संस्कृति के अनुरूप पूजा-अर्चना करते हुए राज्य की धरोहर, संस्कृति, मातृशक्ति और स्वाभिमान की प्रतीक छत्तीसगढ़ महतारी को नमन किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी हमारी अस्मिता, आस्था और गर्व का प्रतीक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भूमि मातृशक्ति की आराधना वाली भूमि है और छत्तीसगढ़ महतारी के आशीर्वाद से ही प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं दीं और कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार आम जनता के जीवनस्तर में सुधार, महिला सशक्तिकरण, कृषि विकास, युवाओं को रोजगार, आदिवासी समाज की उन्नति और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए अनेक योजनाएँ संचालित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रजत जयंती वर्ष प्रदेश के लिए नई ऊर्जा और संकल्प का प्रतीक है। आज का दिन गौरव का क्षण है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज छत्तीसगढ़ आगमन हो रहा है और राज्य स्थापना दिवस पर अनेक ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ महतारी के आशीर्वाद से आने वाले समय में प्रदेश देश के अग्रणी और समृद्ध राज्यों में अपनी सशक्त पहचान स्थापित करेगा।

इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा सहित गणमान्य नागरिक और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

Advertisement Carousel