चित्रोत्पला फिल्म सिटी से छत्तीसगढ़ को मिलेगी ग्लोबल पहचान, कला-संस्कृति और निवेश को नई उड़ान

रायपुर। छत्तीसगढ़ का लंबे समय से देखा गया सपना अब जमीन पर उतर चुका है। राजधानी रायपुर के माना-तूता क्षेत्र में चित्रोत्पला फिल्म सिटी और ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर के निर्माण की शुरुआत के साथ ही राज्य के फिल्म, कला और संस्कृति जगत को नई दिशा मिल गई है। यह परियोजना छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय फिल्म मानचित्र पर स्थापित करने की क्षमता रखती है।
भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह पहल राज्य की रचनात्मक अर्थव्यवस्था को मजबूती देगी और स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों व युवाओं के लिए नए अवसर खोलेगी। फिल्म सिटी में शूटिंग से लेकर पोस्ट-प्रोडक्शन तक की आधुनिक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी, जिससे स्थानीय फिल्म निर्माताओं को बड़ा लाभ मिलेगा।
इस मौके पर यह भी सामने आया कि फिल्म सिटी और कन्वेंशन सेंटर के लिए चार बड़े प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। गदर फिल्म के निर्माता अनिल शर्मा ने यहां अपनी अगली फिल्म शूट करने की इच्छा जताई है, वहीं इंटरनेशनल एक्जीबिशन सेंटर, हैंडीक्राफ्ट्स फेयर और हॉलीवुड-स्ट्रीमिंग कंटेंट से जुड़े प्रस्तावों ने इस परियोजना की वैश्विक संभावनाओं को और मजबूत कर दिया है।
करीब 100 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाली इन परियोजनाओं पर केंद्र सरकार की योजना के तहत 147 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति मिली है, जबकि निजी निवेश से लगभग 300 करोड़ रुपये आने की संभावना है। आने वाले दो वर्षों में इसके पूर्ण होने से छत्तीसगढ़ फिल्म टूरिज्म, सांस्कृतिक आयोजनों और रोजगार के नए केंद्र के रूप में उभरेगा।



