भाजपा के आरोप पर कांग्रेस का पलटवार,शुक्ला ने कहा-किसानों को धोखा देने वाली भाजपा लाश पर राजनीति कर रही

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा है कि नवा रायपुर के मृतक किसान के प्रति कांग्रेस पार्टी की पूरी संवदेना है। पार्टी और सरकार दिवंगत किसान के परिजनों के साथ खड़ी है। संवेदनशील मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मृत किसान स्व. सियाराम पटेल के बेटे से फोन पर बात कर दुख व्यक्त किया है और उन्होंने मुआवजा सम्बंधी मामले पर अपर मुख्य सचिव को जांच के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कह चुके हैं कि मृत किसान के परिवार की हर संभव सहायता की जायेगी। इस पर भी भाजपा अपनी संस्कृति के अनुरूप घड़ियाली आंसू बहाते हुए घटिया राजनीतिक सोच का प्रदर्शन कर रही है। शुक्ला ने कहा है कि नवा रायपुर के किसान की मौत के मामले में भाजपा ओछी राजनीति मत करें।कांग्रेस की सरकार नवा रायपुर के किसानों की 8 में से 6 मांग मान चुकी है। उनकी समस्या के समाधान के तकनीकि पहलू पर प्रशासनिक कार्यवाही की जा रही है। नवा रायपुर में भूमि अधिग्रहण के समय भाजपा ने किसानों से धोखा किया था। नियम कानूनों के जाल में किसानों को फंसाया था।
भाजपा बेबुनियाद आरोप लगाने की बजाय यह स्वीकार करें कि नवा रायपुर के किसानों की गुनाहगार उसकी पूर्ववर्ती सरकार है। कांग्रेस सरकार तो किसानों की समस्या का समाधान कर रही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय को किसानों से सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए। उनकी पूर्ववर्ती सरकार के किसान विरोधी निर्णयों के कारण किसान आंदोलन कर रहे हैं।
ये खबर भी पढे- मदिरापान, खतरनाक ढंग और ओवरलोड कर वाहन चलाने वालों पर न्यायालय ने लगाया जुर्माना