जगदलपुर में मुफ्त कैंसर जांच शिविर, 62 मरीजों की हुई स्क्रीनिंग, कई मामलों में मिले कैंसर के संकेत

जगदलपुर में राष्ट्रीय गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला स्वास्थ्य समिति और बालको मेडिकल सेंटर के संयुक्त प्रयास से धरमपुरा स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) में एक दिवसीय निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य आम लोगों को उनके क्षेत्र में ही कैंसर की विशेषज्ञ जांच और सही चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराना था।
बालको मेडिकल सेंटर की आठ सदस्यीय विशेषज्ञ टीम अत्याधुनिक चलित कैंसर स्क्रीनिंग वैन और मैमोग्राफी मशीन के साथ शिविर में पहुंची। इस दौरान 62 मरीजों की मैमोग्राफी, पेप स्मीयर और ब्रश साइटोलॉजी जैसी महत्वपूर्ण जांच की गई। जांच में स्तन कैंसर के दो, मुख कैंसर का एक और ब्लड कैंसर का एक मरीज सामने आया, जबकि पेट और सर्वाइकल कैंसर के कुछ संभावित मामलों को संदिग्ध श्रेणी में रखा गया।
शिविर में चिन्हित और संदिग्ध मरीजों की विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा काउंसलिंग कर उन्हें आगे के इलाज के लिए मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही अन्य नागरिकों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के तहत बीपी, शुगर और बीएमआई की जांच भी की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक ने कहा कि कैंसर की समय पर पहचान होने से उसका सफल उपचार संभव है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिन्हित मरीजों की निरंतर ट्रैकिंग और फॉलो-अप कर शासन की योजनाओं के माध्यम से बेहतर और निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।




