रायपुर : अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्यवाही की शुरूआत करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय नेता की बर्खास्तगी आदेश जारी हो गया है।
निगम आयुक्त कार्यालय से जारी आदेश में कहा गया है कि दिनांक 16 मार्च को जारी कारण बताओ नोटिस का जवाब न देते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लगातार हड़ताल पर बने हुए हैं। उन्हें 24 घंटे में हड़ताल से वापस कार्य पर लौटने कहा गया था, किंतु आदेश का उल्लंघन करते हुए हड़ताल जारी रखा गया है।
अनाधिकृत रूप से हड़ताल पर रहने के कारण आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से क्षेत्र के हितग्राहियों को दी जाने वाली सेवाएं प्रभावित करने तथा बच्चों के भोजन का अधिकार उल्लंघन करने जैसे गंभीर अनियमितता के कारण आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ की राज्य स्तरीय नेता पदमावती साहू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता टाटीबंध, केन्द्र क्रमांक 1 और जिला स्तरीय नेता भुवनेश्वरी तिवारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता टाटीबंध केन्द्र क्रमांक 3 को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है।