कुकुरमुड़ा समाधान शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 1293 आवेदनों के साथ ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं और मांगें

सुशासन तिहार-2026 के तहत खैरागढ़ जिले की ग्राम पंचायत कुकुरमुड़ा में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण एवं समाधान शिविर में 16 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। शिविर में कुल 1293 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1274 मांग और 19 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल हैं। प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
शिविर में विभिन्न विभागों ने हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को लाभ भी प्रदान किया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने 3 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी सौंपी। राजस्व विभाग ने 10 लोगों को आबादी पट्टा वितरित किया। कृषि विभाग ने किसानों को मूंग और ढेंचा बीज उपलब्ध कराए, जबकि उद्यानिकी विभाग ने 6 हितग्राहियों को सब्जी मिनी किट प्रदान की। मत्स्य विभाग ने एक हितग्राही को मछली पकड़ने का जाल वितरित किया।
समाज कल्याण विभाग ने 3 वरिष्ठ नागरिकों को वॉकिंग स्टिक प्रदान की। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 5 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर सुपोषण किट वितरित की तथा 5 हितग्राहियों को स्वच्छता किट दी। इस दौरान नशा मुक्ति और बाल विवाह रोकथाम को लेकर सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।
स्वास्थ्य शिविर में 235 लोगों की ओपीडी जांच की गई। 200 लोगों का रक्तचाप परीक्षण, 182 लोगों की शुगर जांच और 15 लोगों की नेत्र जांच की गई। साथ ही 10 लोगों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने 5 आयुष्मान कार्ड बनाए, 9 आभा आईडी का पंजीयन किया और 11 लोगों की सिकल सेल जांच भी की।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बन रहा है। इसके जरिए ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।



