छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

ई-ऑफिस और बायोमेट्रिक सिस्टम से मंत्रालय में बढ़ी कार्यसंस्कृति, उत्कृष्ट कर्मचारियों को मिला सम्मान

रायपुर। मंत्रालय महानदी भवन में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी व समयबद्ध बनाने की दिशा में एक अहम कदम देखने को मिला, जहां मुख्य सचिव विकासशील ने ई-ऑफिस और बायोमेट्रिक उपस्थिति में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि मंत्रालय में डिजिटल सिस्टम के बढ़ते उपयोग से कार्यसंस्कृति में सकारात्मक बदलाव आया है। अधिकारी और कर्मचारी अब समय पर कार्यालय पहुंचकर अपनी बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं, जिससे कामकाज में गति और अनुशासन दोनों में सुधार हुआ है।

मुख्य सचिव ने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे नियमित रूप से समय पर उपस्थित होकर शत-प्रतिशत समयबद्धता सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने ई-फाइल सिस्टम को और मजबूत बनाने के लिए जरूरतमंद अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए। सामान्य प्रशासन विभाग को इसके लिए व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार करने को कहा गया है।

कार्यक्रम में विभिन्न श्रेणियों—संयुक्त सचिव, उप सचिव, अवर सचिव, अनुभाग अधिकारी, सहायक अनुभाग अधिकारी, सचिवालय सहायक और डाटा एंट्री ऑपरेटर—में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही बायोमेट्रिक अटेंडेंस में समयबद्धता दिखाने वाले कर्मचारियों को भी सराहा गया।

विभागीय स्तर पर भी उत्कृष्ट कार्य के लिए गृह विभाग ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग दूसरे और खेल एवं युवा कल्याण विभाग तीसरे स्थान पर रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button