छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

क्वांटम युग की उड़ान: कोरिया की अंशिका बनीं छत्तीसगढ़ की विज्ञान प्रतिभा

रायपुर। रजत जयंती महोत्सव 2025 के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय विज्ञान संगोष्ठी के राज्य स्तरीय चरण में कोरिया जिले की होनहार छात्रा कु. अंशिका कश्यप ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त कर सभी को गौरवान्वित किया है। रायपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता का विषय था — ‘क्वांटम युग का आगाज: संभावनाएं एवं चुनौतियां’, जिसमें अंशिका ने अपने वैज्ञानिक दृष्टिकोण और प्रभावशाली प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित किया।

यह संगोष्ठी राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद रायपुर और छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई थी। अंशिका, सेजेस महलपारा, बैकुंठपुर (कोरिया) की छात्रा हैं और उन्होंने यह सफलता भौतिकी विषय की व्याख्याता श्रीमती शिल्पी सिंह के मार्गदर्शन में अर्जित की है।

अब अंशिका छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय स्तर पर करेंगी। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके विद्यालय के लिए, बल्कि पूरे कोरिया जिले के लिए भी अत्यंत गर्व का विषय है।

क्या है क्वांटम युग?

इसे आधुनिक विज्ञान की नई क्रांति माना जाता है, जिसमें कंप्यूटर, संचार और सेंसरिंग जैसी प्रणालियां क्वांटम कणों के अद्भुत व्यवहार पर आधारित होती हैं। जैसे सिक्का हवा में रहते हुए दोनों स्थितियों (हेड और टेल) में एक साथ हो सकता है, ठीक वैसे ही क्वांटम कण भी एक समय में कई अवस्थाओं में हो सकते हैं — जिसे सुपरपोजिशन कहा जाता है।

अंशिका की इस शानदार उपलब्धि पर शिक्षाविदों और विज्ञान प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी है और इसे कोरिया की प्रतिभाओं की वैज्ञानिक सोच और कठिन परिश्रम का प्रमाण बताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button