महासमुंद : किसानों के साथ फिर छलवा कर रही कांग्रेस : मोदी

महासमुंद : दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महासमुंद में चुनावी सभा लेकर किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस को निशाना बनाया। किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस के वादों को झूठा और छलावा बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने ही किसानों को ताकतवर बनाने और उनकी खेती को तकनीक से जोडक़र विकसित करने के दरवाजे खोलने का काम किया है। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस के किसानों का कर्जा माफ करने और धान का समर्थन मूल्य बढ़ाने संबंधी वादों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि चीनी घोटाला, तेल घोटाला में डूबे हुए और किसानों के लिए कुछ भी नहीं करने वाले लोग आज किसानों के नाम पर घडिय़ाली आंसू बहा रहे हैं। कर्नाटक का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वहां भी कर्ज माफी करने का वादा किया था पर एक साल बाद किसानों का कर्ज माफ हुआ नहीं उल्टे वहां के अखबारों में कर्ज में डूबे किसानों को जेल के वारंट निकलने की खबरे छप रही है। प्रधानमंत्री ने तीखी लहजे में कांग्रेस नेताओं से पूछा कि वे झूठ क्यों बोल रहे हैं। उनके झूठ ने उन्हें 44 सीटों पर समेट लिया है पर वे झूठ बोलने पर देश को गुमराह करने से बाज नहीं आ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की सोंच गरीब और किसानों को ताकतवर बनाने की है जबकि कांग्रेस खजाना खाली करके चुनावों में सत्ता हासिल करने के लिए सालों हथकंठे अपनाती है।
ये खबर भी पढ़ें – महासमुंद : लोगों की तपस्या को छग में विकास करके ब्याज समेत लौटाएंगे-नरेन्द्र मोदी
उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात, उत्तराखंड और झारखंड का उदाहरण देकर श्री मोदी ने कहा कि इन राज्यों में भाजपा की सरकारों ने किसानों के लिए जो काम किया है, कांग्रेस ने कभी उस बारे में सोचा तक नहीं। कांग्रेस ने किसानों के कर्जमाफ करने के लिए खजाने से रुपए निकालने पर वे रुपए उन लोगों खातों में जमा हो गए जो इसके हकदार थे ही नहीं। इस बारे में कैग रिपोर्ट का हवाला भी उन्होंने दिया और पूछा ये रुपए किसके दामाद, भांजे या बहनोई को दिए हैं? किसानों का हक लूट कर कांग्रेस ने उन्हें और गरीब बनाने का काम किया। स्वामीनाथन कमीशन की रिपोर्ट पर पहल नहीं करने पर भी उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा ने किसानों को उनका हक दिया और उनके उत्पादन लागत कम करने की दिशा में भी सार्थक प्रयास किया। किसानों को आज यूरिया खाद सहज सुलभ है। 28 लाख किसानों को सौर बिजली पंप दिए गए हैं जिसका बिल उन्हें अदा नहीं करना होता। प्रधानमंत्री ने गुजरात की चर्चा करते हुए कहा कि अब किसानों को सौर ऊर्जा से पंप चलाकर सिंचाई करने की सुविधा को हम दे ही रहे हैं, साथ ही ऐसा प्रयास कर रहे हैं कि किसान अपने खेत में बिजली भी पैदा करे। इस कारण किसान अन्नदाता होने के साथ-साथ ऊर्जादाता भी होगा।
ये खबर भी पढ़ें – नईदिल्ली : मोदी को बचा रही दसॉ, अनिल अंबानी को दिए पैसे
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि किसानों को आज उनकी 21 उपजों का समर्थन मूल्य मिल रहा है। 16 करोड़ किसानों का सॉइल हेल्प कार्ड बनाया गया है जिनमें से 75 लाख केवल छत्तीसगढ़ के हैं। कांग्रेस ने किसानों के लिए ऐसे स्थायी काम करने का विचार तक नहीं किया। अगर कांग्रेस 50 साल में किसानों के खेतों में पानी पहुंचा देती तो आज समृद्ध हो जाता। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री बीमा फसल योजना के तहत 13 सौ करोड़ रुपए किसानों को दिए हैं। किसानों के कल्याण के खोखले वादे करने का आरोप लगाते हुए श्री मोदी ने कहा कि अब छत्तीसगढ़ का किसान गुमराह नहीं होगा। प्रधानमंत्री आवास योजना की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि 2022 तक छत्तीसगढ़ का एक भी व्यक्ति बेघर नहीं रहेगा। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की चर्चा भी उन्होंने की और कहा कि इन योजना का लाभ उठाकर देश के नौजवान अपना उद्योग चलाएंगे और देश के अर्थतंत्र को गति देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने बैंकों को लूटवाया जितना कर्जा बैंकों के माध्यम से उद्योगपतियों को 50 सालों में दिया गया उतना कर्जा सन् 2006-14 तक कांग्रेस ने 8 सालों में दिलवाया। बैंकों लूटने वालों से हम पाई-पाई वसूल करेंगे और इसके लिए हमने न केवल देश बल्कि दुनिया भर में जहां भी इन लुटेरों की संपत्ति है उसे जब्त करने के लिए हमने कानून बनाया और यह हिम्मत भारतीय जनता पार्टी की सरकार ही कर सकती है।
ये खबर भी पढ़ें – नईदिल्ली : राफेल सौदे पर राहुल ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री ने दोहराया कि छत्तीसगढ़ आज 18 साल का हो गया है और अब उसके सपने जाग गए हैं। अब छत्तीसगढ़ को अपने विकास की तेज रफ्तार के लिए वह अपने विकास के संकल्प पूरा करना चाहता है और 18 से 23 वर्ष की उम्र जिस तरह अभिभावकों के लिए अपने बच्चों के नजरिए से मायने रखती है ठीक उसी तरह आने वाले 5 साल छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण होंगे। आप छत्तीसगढ़ के मालिक हैं, रखवाले हैं, अभिभावक हैं इसलिए आपकी यह जिम्मेदारी है कि आपसे कोई गलती न हो और आप पूरे संकल्प के साथ डॉ. रमन सिंह को ऐसी ताकत देें कि वे छत्तीसगढ़ के विकास की ऐसी नींव रख दें कि आने वाले कई सालों तक आपको चिंता न करनी पड़े। उन्होंने उन नौजवानों से भी सही निर्णय लेने की अपील की जो इस चुनाव में पहली बार मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि आप अपने सपने साकार करने वाली सरकार चुनिए। चार पीढ़ी तक जिनको देश चलाने का मौका मिला उन्होंने अपना तो भला किया पर देश का नहीं किया।
प्रधानमंत्री ने झूठ-फरेब से गुमराह करने वाली कांग्रेस से छत्तीसगढ़ और देश को मुक्ति दिलाने और प्रदेश का भविष्य उज्ज्वल बनाने के लिए भाजपा को जीताने की अपील की। पहले चरण के भारी मतदान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बस्तर के गरीब आदिवासियों ने लोकतंत्र में अपनी आस्था व्यक्त करके नक्सलियों को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कांग्रेस पर आतंकवादियों के साथ सांठ-गांठ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र पर ऐसा ही आस्था कश्मीर में भी व्यक्त हुई है। सवा सौ करोड़ देशवासियों और छत्तीसगढ़ के लोगों का कल्याण ही भारतीय जनता पार्टी का एक मात्र सपना है और दूसरे चरण में इससे भी ज्यादा मतदान करके आप उन लोगों को छत्तीसगढ़ में घुसने मत दो जो आप के सपनों को पूरा नहीं कर पाए। उन्होंने दोहराया- पहले मतदान, फिर जलपान।