लोरमी के पांच गांवों को 56 लाख की सौगात, जनचौपाल में अरुण साव ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

उप मुख्यमंत्री एवं लोरमी विधायक अरुण साव ने क्षेत्र के खेकतरा, कुम्हरौली, मोहतरा कुर्मी, पीपरखुंटा और औराबांधा गांवों में जनचौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं और सुझाव सुने तथा पांचों गांवों में 56 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा की।
जनचौपाल में अरुण साव ने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की साय सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को इनका अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने खेकतरा में महामाया मंदिर परिसर में निर्मित ज्योति कलश भवन का लोकार्पण किया। वहीं औराबांधा में नवनिर्मित सामुदायिक भवन और खाद्यान्न भंडारण भवन का भी उद्घाटन कर इसे ग्रामवासियों को समर्पित किया। इस अवसर पर पांचों गांवों के युवाओं को क्रिकेट किट वितरित कर उन्हें खेल गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।




