रायगढ़ पुलिस लाइन में अत्याधुनिक जिम का शुभारंभ, पुलिसकर्मियों के साथ युवाओं को भी मिलेगा लाभ

रायपुर। रायगढ़ के पुलिस लाइन उर्दना परिसर में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नए पुलिस जिम का उद्घाटन वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया। रिबन काटकर जिम का शुभारंभ करने के बाद उन्होंने भगवान हनुमान के चित्र के समक्ष पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और सुरक्षा की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने जिम में स्थापित आधुनिक फिटनेस उपकरणों का अवलोकन किया और कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में शारीरिक फिटनेस और मानसिक संतुलन दोनों बेहद जरूरी हैं। उन्होंने सभी लोगों को प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट व्यायाम करने की सलाह दी।
ओपी चौधरी ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात कानून व्यवस्था और जनसेवा की जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में उनका शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि यह जिम पुलिस जवानों के साथ-साथ उनके परिवारों और स्थानीय युवाओं के लिए भी उपयोगी साबित होगा तथा स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली को बढ़ावा देगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त रखने और उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए रायगढ़ पुलिस योग, खेल और फिटनेस गतिविधियों को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। इसी उद्देश्य से जिम का उन्नयन कर इसमें अत्याधुनिक मशीनें स्थापित की गई हैं।
इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, सभापति डिग्रीलाल साहू, जनप्रतिनिधि तथा पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




