बीजापुर में पहली बार मिनी स्टेडियम में मना स्वतंत्रता दिवस, नक्सल मुक्त जिले ने रचा नया इतिहास

नक्सल मुक्त बीजापुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस इस बार खास उपलब्धि और नए उत्साह के साथ मनाया गया। जिले के इतिहास में पहली बार जिला स्तरीय मुख्य समारोह मिनी स्टेडियम में आयोजित हुआ। बस्तर सांसद महेश कश्यप ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके बाद राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ तथा रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े गए।
सांसद महेश कश्यप ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश पढ़कर सुनाया। उन्होंने जिले के विकास, शांति और राष्ट्र निर्माण में आमजन की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
समारोह में नक्सल उन्मूलन के दौरान शहीद हुए जवानों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस सहित विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
परेड प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में बस्तर फाइटर महिला दल ने पहला स्थान हासिल किया। सीआरपीएफ दूसरे और डीआरजी तीसरे स्थान पर रहा। जूनियर वर्ग में एनसीसी ने बाजी मारी, जबकि एनएसएस दूसरे और गाइड दल तीसरे स्थान पर रहे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय प्रथम, एकलव्य आदर्श विद्यालय द्वितीय और कन्या रेसिडेंशियल पोटा केबिन तृतीय स्थान पर रहा।
समारोह में विधायक विक्रम शाह मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, कलेक्टर विश्वदीप, एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।




