सूरजपुर में देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस समारोह

सूरजपुर जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत की सामूहिक प्रस्तुति से पूरा परिसर देशभक्ति के जज्बे से गूंज उठा।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश पढ़कर सुनाया और जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रंग-बिरंगे गुब्बारे और शांति के प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाकर राष्ट्रीय एकता, शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया।
समारोह में 13 अलग-अलग प्लाटूनों ने शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। इस दौरान शहीद जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह में समां बांध दिया। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल, ग्लोबल पब्लिक स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर और कला केंद्र के विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय नवापारा सूरजपुर ने प्रथम, पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास सूरजपुर ने द्वितीय और कला केंद्र सूरजपुर ने तृतीय स्थान हासिल किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को पुरस्कृत किया गया।
समारोह में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं नागरिक मौजूद रहे।



