अमीर बनने की सनक: AI को खरीदार समझकर ममेरे भाई की जघन्य हत्या

jashpur-ai-superstition-child-murder-organ-harvesting-case
आर्टिकल अच्छा लगे तो शेयर करें

छत्तीसगढ़ के जशपुर में अंधविश्वास, सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की नासमझी के चलते एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समूह से ताल्लुक रखने वाले 27 वर्षीय वासुदेव राम उर्फ टंगू ने रातों-रात अमीर बनने की सनक में अपने ही 4 साल के मासूम ममेरे भाई जितेंद्र की नृशंस हत्या कर दी और उसके शरीर से महत्वपूर्ण अंग निकाल लिए। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

सोशल मीडिया पर खोजा अमीर बनने का फॉर्मूला, AI को ही समझ बैठा अंगों का खरीदार

सन्ना पुलिस के अनुसार आरोपी वासुदेव राम बेहद कम पढ़ा-लिखा है। उसने सोशल मीडिया पर जल्दी धनवान बनने के तरीके खोजने शुरू किए, जहां उसे कुछ भ्रामक सामग्रियां मिलीं कि बच्चों के अंग जैसे किडनी, फेफड़े और आंखें करोड़ों रुपयों में बिकते हैं। इसके बाद उसने इंटरनेट और यू-ट्यूब पर यह देखना शुरू किया कि इंसानी शरीर से अंग कैसे काटे और निकाले जाते हैं। आरोपी एआई (AI) टूल से चैट करता था और सवाल पूछता था। एआई जब सामान्य भाषा में जानकारी देता, तो आरोपी अपनी घोर अज्ञानता के कारण एआई को ही अंगों का असली खरीददार मान बैठा। उसे लगा कि वारदात को अंजाम देने के बाद अंग खरीदने के लिए कोई ग्राहक खुद चलकर उसके पास आएगा।

मुर्गा और शराब की दावत के बाद जब मासूम सो गया, तब रेती गर्दन

घटना सन्ना थाना क्षेत्र के आमटचुआ गांव की है। मृतक बच्चे के पिता अभिजीत राम कोरवा (36) एक साल पहले अपनी पत्नी और बच्चे के साथ महुआ गांव से आकर आमटचुआ नदी डैम के पास बाड़ी में झोपड़ी बनाकर मजदूरी कर रहे थे। वारदात वाले दिन सुबह करीब 9 बजे वासुदेव राम झोपड़ी पहुंचा और अभिजीत व उसके साथियों के साथ बैठकर शराब पी। कुछ देर बाद जब बाकी लोग चले गए, तो वासुदेव बाहर खेल रहे 4 साल के मासूम जितेंद्र को बहला-फुसलाकर डैम और जंगल की तरफ ले गया। वहां उसने मुर्गा पकाया और बच्चे को मुर्गा खिलाने के साथ शराब पिलाई। नशे में जब मासूम सो गया, तब वासुदेव ने बेरहमी से चाकू से उसकी गर्दन रेत दी।

डॉक्टर की तरह लगाया चीरा; आंखें, फेफड़े और किडनी बाल्टी में रखकर गड्ढे में फेंका शव

हत्या के बाद आरोपी ने यू-ट्यूब पर देखे वीडियो के आधार पर किसी पेशेवर की तरह चीरा लगाकर बच्चे की दोनों आंखें, दोनों किडनी और फेफड़े बाहर निकाल लिए। उसने इन अंगों को एक बाल्टी में छिपाकर रख लिया और बाकी शरीर को बोरे में भरकर पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया। 5 नवंबर से लापता बच्चे का शव 7 नवंबर की शाम मक्का बाड़ी के पास मिला। पिता ने बताया कि बच्चे को आखिरी बार वासुदेव के साथ देखा गया था। पुलिस ने वासुदेव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसने सारा सच कबूल कर लिया। सामाजिक विशेषज्ञों का कहना है कि करोड़ों खर्च होने के बावजूद पहाड़ी कोरवा समुदाय में फैली अशिक्षा और जागरूकता की कमी ही इस खौफनाक वारदात की सबसे बड़ी वजह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *