जशपुर के गांवों में बढ़ा पर्यटन का आकर्षण, होमस्टे में ठहरकर पर्यटक ले रहे प्रकृति और संस्कृति का आनंद

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयास अब जमीनी स्तर पर नजर आने लगे हैं। जशपुर जिले के गांवों में संचालित होमस्टे पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनते जा रहे हैं, जहां बाहरी राज्यों और शहरों से लोग पहुंचकर यहां की प्राकृतिक सुंदरता और स्थानीय संस्कृति का अनुभव कर रहे हैं।
जिला प्रशासन भी ग्रामीण पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार पहल कर रहा है। इसके चलते गांवों में संचालित होमस्टे में पर्यटकों की संख्या बढ़ने लगी है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार और आय के नए अवसर भी मिल रहे हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
हाल ही में रायपुर से आए दो पर्यटक केरे स्थित महुआ होमस्टे में ठहरे। यहां उन्होंने शांत वातावरण, हरियाली से घिरे प्राकृतिक नजारों और गांव के सरल जीवन को करीब से महसूस किया। साथ ही स्थानीय व्यंजन और ग्रामीणों की आत्मीय मेहमाननवाजी ने उनके अनुभव को यादगार बना दिया।
इसी तरह मध्य प्रदेश के सीधी जिले से आए चार पर्यटक देवोबरा (मयाली) के बनफूल होमस्टे में ठहरे। यहां के प्राकृतिक वातावरण और ग्रामीण परिवेश ने उन्हें काफी प्रभावित किया। गांव के लोगों की गर्मजोशी और अपनापन उनके लिए खास अनुभव साबित हुआ।
स्थानीय होमस्टे में कार्तिकेय सिंह, कुसुम, अरविन्द पटेल, निधि, रोशन साहू, प्रीति साहू सहित अन्य पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। जशपुर में ग्रामीण पर्यटन धीरे-धीरे नई पहचान बना रहा है और आने वाले समय में इसके और विस्तार की उम्मीद जताई जा रही है।




