कोंडागांव के जूडो सितारों की धमाकेदार जीत

रायपुर। दुर्ग में आयोजित 25वीं राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, कोंडागांव (बस्तर संभाग) के खिलाड़ियों ने पदकों की झड़ी लगाते हुए इतिहास रच दिया। इस गौरवपूर्ण आयोजन में विद्यालय ने 10 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक जीतकर न केवल जिले बल्कि पूरे बस्तर संभाग का नाम रोशन किया।
बस्तर संभाग को मिले कुल 21 स्वर्ण पदकों में से 10 अकेले इसी विद्यालय के नाम रहे, जो स्कूल की खेल संस्कृति, प्रशिक्षिका की मेहनत और खिलाड़ियों की लगन का बेहतरीन उदाहरण है।
अंडर-17 वर्ग की हीरोइन हेमबती नाग ने अपने शानदार प्रदर्शन से राष्ट्रीय पहचान बनाई और प्रधानमंत्री पुरस्कार से सम्मानित होकर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से सम्मान प्राप्त किया — यह पूरे बस्तर के लिए गौरव की बात है।
प्राचार्य श्री पी.एस. डेनियल ने विद्यार्थियों और प्रशिक्षिका को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का नतीजा है, और विद्यालय आगे भी प्रतिभाओं को संवारता रहेगा।
प्रशिक्षिका श्रीमती सुधा तिवारी ने बताया कि बच्चों की टीम भावना और लगातार अभ्यास ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को संभव बनाया है।
विद्यालय में विजेता खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया। अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने इस सफलता को पूरे संभाग के लिए प्रेरणादायक बताया।