छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ मिशन की शुरुआत: 23 जिलों में 31 योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने सरकार का बड़ा अभियान

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के प्रत्येक पात्र परिवार तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जल्द ही ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान’ शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शुरू होने वाला यह अभियान 23 जिलों में संचालित होगा, जिसके तहत 31 प्रमुख हितग्राहीमूलक योजनाओं का संतृप्तिकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का सपना तभी साकार होगा, जब शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि उनका प्रभाव हर परिवार के जीवन में दिखाई दे। इसी सोच के साथ ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान तैयार किया गया है।

यह पहल बस्तर में सफल रही ‘नियद नेल्लानार’ योजना से प्रेरित है। इस मॉडल ने दूरस्थ क्षेत्रों में शासन और जनता के बीच भरोसे को मजबूत किया। अब इसी व्यवस्था को प्रदेश के बाकी 23 जिलों में लागू किया जाएगा।

अभियान के तहत सामाजिक सुरक्षा, आवास, रोजगार, स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, कृषि और कौशल विकास से जुड़ी 31 योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाएगा। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, आयुष्मान भारत, महतारी वंदन योजना, किसान सम्मान निधि, राशन कार्ड, पेंशन योजनाएं और अन्य महत्वपूर्ण सेवाएं शामिल हैं।

अभियान की निगरानी के लिए CHiPS द्वारा एक अत्याधुनिक डिजिटल डैशबोर्ड विकसित किया जाएगा, जिससे राज्य से लेकर ग्राम स्तर तक योजनाओं की प्रगति रियल-टाइम में देखी जा सकेगी। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और प्रशासन को त्वरित निर्णय लेने में मदद मिलेगी।

सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान तीन चरणों में संचालित होगा। पहले चरण में सर्वेक्षण और डेटा संग्रह, दूसरे चरण में विशेष शिविरों के माध्यम से हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ना और तीसरे चरण में निगरानी एवं मूल्यांकन किया जाएगा। अभियान के सफल क्रियान्वयन में जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि नागरिक-केंद्रित सुशासन की ऐसी पहल है, जो हर परिवार तक विकास, सुरक्षा और सम्मान के अवसर पहुंचाने का माध्यम बनेगी। इसके जरिए छत्तीसगढ़ में समावेशी और प्रभावी विकास का नया अध्याय लिखा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button