छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

रायपुर रिंग रोड पर बड़ा हादसा टला: टैंकर की टक्कर के बाद बेकाबू बस बस स्टॉप में घुसी, 7 यात्री सुरक्षित

रायपुर के रिंग रोड पर गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। ग्लोबल हॉस्पिटल के सामने टैंकर की टक्कर के बाद एक यात्री बस अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे बने बस स्टॉप में जा घुसी। हादसे के वक्त बस में 7 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि इस जोरदार टक्कर में किसी यात्री के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, जीवन ट्रेवल्स की बस क्रमांक CG 04 E 3376 टाटीबंध से भाठागांव की ओर जा रही थी। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे बस ग्लोबल हॉस्पिटल के सामने पहुंची थी। इसी दौरान एक टैंकर की टक्कर के बाद बस का संतुलन बिगड़ गया और चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका।

बेकाबू बस सड़क किनारे बने बस स्टॉप के स्ट्रक्चर में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं बस स्टॉप का स्ट्रक्चर भी टूट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।

डीडी नगर थाना प्रभारी गौतम गावड़े के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजे टैंकर की टक्कर के बाद यात्री बस अनियंत्रित होकर बस स्टॉप में घुस गई। बस में उस समय 7 लोग मौजूद थे, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और हादसे के लिए टैंकर की क्या भूमिका रही। बड़ा सवाल यह है कि अगर बस स्टॉप पर उस समय यात्री खड़े होते, तो यह हादसा कहीं अधिक भयावह साबित हो सकता था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button