Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

बालाकोट के हीरो अभिनंदन वर्तमान ने छोड़ी वायुसेना! 60 घंटे पाकिस्तानी कैद के बाद बने थे देश के जांबाज, अब उड़ाएंगे यात्री विमान

Balakot hero Abhinandan Varthaman leaves the Air Force! He became a national hero after 60 hours in Pakistani captivity; now, he will fly passenger aircraft.

बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद पाकिस्तान के खिलाफ हवाई संघर्ष में अदम्य साहस दिखाने वाले पूर्व ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्तमान ने भारतीय वायुसेना से रिटायरमेंट ले लिया है। पाकिस्तान की कैद में करीब 60 घंटे बिताने के बाद देश लौटे अभिनंदन अब एक नई उड़ान भरने जा रहे हैं। उन्होंने प्राइवेट एयरलाइन फ्लाई-91 जॉइन कर ली है और अब कॉमर्शियल यात्री विमान के पायलट के तौर पर अपनी सेवाएं देंगे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनंदन ने 31 मार्च 2026 को भारतीय वायुसेना की सेवा छोड़ी और अगस्त में प्राइवेट एयरलाइन से जुड़ गए। खास बात यह है कि उनका सामान्य रिटायरमेंट वर्ष 2037 में होना था, लेकिन करीब दो दशक तक देश की सेवा करने के बाद उन्होंने समय से पहले नई भूमिका चुन ली।

अभिनंदन वर्तमान वायुसेना में MiG-21 फाइटर जेट उड़ाते थे। 27 फरवरी 2019 को भारत-पाकिस्तान के बीच हुए हवाई संघर्ष के दौरान उन्होंने दुश्मन के F-16 लड़ाकू विमान को निशाना बनाया। इसी दौरान उनका MiG-21 मिसाइल की चपेट में आ गया और उन्हें विमान से इजेक्ट होना पड़ा।

इजेक्ट होने के बाद अभिनंदन पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में जा गिरे, जहां पाकिस्तानी सेना ने उन्हें पकड़ लिया। करीब 60 घंटे तक पाकिस्तान की कैद में रहने के बाद भारत के कड़े कूटनीतिक और अंतरराष्ट्रीय दबाव के चलते उनकी रिहाई हुई। 1 मार्च 2019 को अटारी बॉर्डर के रास्ते अभिनंदन की भारत वापसी हुई थी।

उनकी बहादुरी और साहस के लिए भारत सरकार ने उन्हें 2021 में वीर चक्र से सम्मानित किया था। अब देश की हवाई सीमा की सुरक्षा करने वाले बालाकोट संघर्ष के इस जांबाज पायलट की नई पारी आसमान में यात्रियों को सुरक्षित मंजिल तक पहुंचाने की होगी।