देश की ताज़ा खबरें | Fourth Eye News

रायपुर में बैंकिंग फ्रॉड का बड़ा मामला, फर्जी रिक्वेस्ट से FD तुड़वाकर 14.97 लाख उड़ाए

रायपुर में बैंकिंग सुरक्षा से जुड़ा बड़ा मामला सामने आया है। देवेंद्र नगर स्थित एक्सिस बैंक शाखा में एक ग्राहक के खाते से करीब 14.97 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। मामले में पुलिस ने बैंक के उप प्रबंधक कुलदीप सिंह और इंडियन सेल्स के प्रोपराइटर योगेश येडे के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

आरोप है कि ग्राहक की जानकारी और सहमति के बिना बैंक खाते में दर्ज मोबाइल नंबर को बदल दिया गया। इसके लिए फर्जी कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। मोबाइल नंबर बदलने के बाद खाते से जुड़ी डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं तक अनधिकृत पहुंच बनाई गई।

इसके बाद बैंक मोबाइल ऐप के माध्यम से ग्राहक की फिक्स्ड डिपॉजिट को समय से पहले बंद कराया गया। करीब 14.40 लाख रुपये से अधिक की FD राशि ग्राहक के मुख्य खाते में ट्रांसफर हुई। इसके बाद खाते में मौजूद अन्य रकम को मिलाकर कुल 14.97 लाख रुपये से ज्यादा राशि दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दी गई।

पुलिस के अनुसार रकम गुढ़ियारी शाखा स्थित इंडियन सेल्स के खाते में पहुंची। आरोप है कि इसके बाद चेक और एटीएम के जरिए रकम निकाली गई।

ग्राहक को मामले की जानकारी 7 अगस्त को हुई, जब वह बैंक शाखा पहुंचीं। इसके बाद बैंक प्रबंधन को सूचना दी गई। बैंक की आंतरिक जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद शाखा प्रमुख ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस अब बैंक रिकॉर्ड, कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म, मोबाइल नंबर बदलने से जुड़े दस्तावेज, चेक और एटीएम ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है। अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button