BJP में बड़ा संगठनात्मक धमाका! स्मृति ईरानी की वापसी, राम माधव की एंट्री से बदली पूरी टीम

भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को अपनी बहुप्रतीक्षित नई राष्ट्रीय संगठनात्मक टीम का ऐलान कर दिया। पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में हुए इस बड़े फेरबदल में कई पुराने चेहरों को हटाया गया, जबकि कुछ प्रमुख नेताओं की वापसी हुई और कई नए चेहरों को संगठन में जिम्मेदारी दी गई। इस बदलाव को आने वाले विधानसभा चुनावों और संभावित केंद्रीय मंत्रिमंडल फेरबदल से जोड़कर देखा जा रहा है।
नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं, जिनमें छह महिलाएं हैं। पार्टी ने पूर्व राष्ट्रीय महासचिव राम माधव को फिर से संगठन की मुख्यधारा में जगह दी है। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की भी राष्ट्रीय टीम में वापसी हुई है। आठ राष्ट्रीय महासचिवों में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को शामिल किया गया है। त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब भी महासचिव बनाए गए हैं। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
पार्टी ने युवा और महिला मोर्चे में भी बदलाव किया है। तेजस्वी सूर्या और वानथी श्रीनिवासन की जगह गुजरात के हेमंग जोशी और छत्तीसगढ़ की रूपकुमारी चौधरी को क्रमश: युवा और महिला मोर्चे की जिम्मेदारी दी गई है। आईटी सेल के प्रमुख के रूप में अमित मालवीय की जगह छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री दीपक म्हस्के को नियुक्त किया गया है।
कुल 65 पदाधिकारियों वाली नई टीम में 12 महिलाएं हैं। पार्टी ने सामाजिक प्रतिनिधित्व, अनुभवी नेताओं और नए चेहरों का मिश्रण तैयार किया है। रिपोर्ट के मुताबिक सितंबर में केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावना को लेकर भी चर्चा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई टीम को बधाई दी और संगठन को मजबूत करने तथा जनसेवा पर ध्यान देने की उम्मीद जताई।



