टैक्स जमा करने के नाम पर 1 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी, अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। टैक्स जमा करने के नाम पर 1 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी करने वाले बिहार के अंतर्राज्यीय आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना से संबंधित 3 मोबाइल,1 कम्प्यूटर, सीपीयू, माॅनिटर, पेन कार्ड, आधार कार्ड एवं एटीएम कार्ड को जब्त किया गया है। आरोपी को पटना बिहार से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमाण्ड में रायपुर लाकर अग्रिम कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी संजय कुमार सिन्हा (50 साल) निवासी एजी कॉलोनी थाना शास्त्री नगर जिला पटना बिहार है। प्रार्थी रोहित शर्मा ने थाना डीडी नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वह ग्लेज ट्रेडिंग इंडिया प्रा.लि. विकासपुरी नई दिल्ली की कंपनी शाखा महादेव घाट रायपुरा में स्वतंत्र वितरक के पद पर कार्यरत है। कंपनी के प्रोडक्ट्स का मार्केटिंग करता है। प्रार्थी ने अपनी मासिक एवं वार्षिक आय के संबंध में इनकम टैक्स, सर्विस टैक्स, जीएसटी का बहुत अधिक जानकारी न होने पर संपूर्ण ब्यौरा और उसमें आयकर सर्विस टैक्स, जीएसटी से संबंधित सभी कार्य के लिए अपने परिचित संजय कुमार सिन्हा से सम्पर्क किया। संजय पेशे से सीए है। प्रार्थी संजय को वर्ष 2015 से टैक्स संबंधित संपूर्ण कार्य करने के लिए रखा था। प्रार्थी ने विश्वास करके अपने व्यवसाय का आईडी पासवर्ड, इनकम टैक्स एवं सर्विस टैक्स का आईडी पासवर्ड संजय कुमार सिन्हा को दिया था। प्रार्थी के व्यवसाय में समस्त खरीदी-बिक्री, कमीशन की जानकारी एवं सभी प्रकार के टैक्स प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष कर गणना कर प्रार्थी से प्राप्त करता था। इसके बदले में प्रार्थी संजय को फीस भी समय-समय पर देता था। प्रार्थी ने रकम संजय कुमार को ऑनलाइन देता था। संजय के द्वारा सभी प्रकार के टैक्स, आयकर, सर्विस टैक्स एवं जीएसटी की मांग करने पर प्रार्थी द्वारा संजय कुमार सिन्हा को वर्ष 2015 से 2020 तक अलग – अलग तिथियों में कुल एक करोड़ दस लाख तेइस हजार दो सौ उनतालीस रुपए दिया था। संजय वर्ष 2015 से 2020 तक उक्त रकम में से मात्र 6,52,028 रुपए ही प्रार्थी का टैक्स, आयकर, सर्विस टैक्स एवं जीएसटी जमा किया। शेष रकम 1,03,71,211 रुपएका फर्जी दस्तावेज व चालान प्रार्थी को देकर ठगी किया। इस मामले की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ थाना डीडीनगर में धारा 420 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया। 4 सदस्यीय टीम को आरोपी की गिरफ्तार के लिए पटना बिहार रवाना किया गया। टीम के सदस्यों ने पटना बिहार से आरोपी को गिरफ्तार किया।
