NEET-UG 2026 री-एग्जाम आज: 45 हजार अभ्यर्थियों की परीक्षा, समय से पहले केंद्र पहुंचने की अपील

देशभर में आज NEET-UG 2026 की री-परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी जा रही है।
परीक्षा केंद्रों के बाहर लगातार अनाउंसमेंट के जरिए विद्यार्थियों को बताया जा रहा है कि बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, दस्तावेज जांच और फ्रिस्किंग की प्रक्रिया में करीब 30 मिनट का समय लग सकता है। ऐसे में अंतिम समय की भागदौड़ से बचने के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले प्रवेश करने की अपील की जा रही है।
इस बार छत्तीसगढ़ में करीब 45 हजार उम्मीदवार NEET-UG री-एग्जाम में शामिल हो रहे हैं, जिनमें 28 हजार 100 विद्यार्थी राज्य के निवासी हैं। प्रदेशभर में 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि अकेले रायपुर में 25 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है।
परीक्षा केंद्रों पर सुबह 11 बजे से रिपोर्टिंग, बायोमेट्रिक जांच और सुरक्षा जांच शुरू हो गई है, जो दोपहर 1:30 बजे तक चलेगी। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं दिव्यांग अभ्यर्थियों को परीक्षा पूरा करने के लिए 65 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
परीक्षा के दौरान सख्त नियम लागू किए गए हैं। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, स्मार्ट वॉच समेत किसी भी इलेक्ट्रॉनिक सामान को परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही विद्यार्थियों को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करते हुए हल्के रंग के साधारण कपड़े पहनकर आने की सलाह दी गई है।



