दोस्तों की साजिश, रिसॉर्ट में दरिंदगी और फिर संदिग्ध मौत: राजनांदगांव केस में 3 आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव जिले के मनगट्टा स्थित विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट में युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि युवती के साथ मौजूद उसके दो दोस्तों ने उसे जबरन शराब पिलाई और नशे की हालत में रिसॉर्ट लेकर पहुंचे। आरोप है कि वहां रिसॉर्ट संचालक ने युवती के साथ दुष्कर्म किया।
यह पूरा मामला सोमनी थाना क्षेत्र का है। 18 जून को रिसॉर्ट के बाथरूम से 24 वर्षीय युवती का शव बरामद किया गया था। मृतिका के शरीर पर खरोंच के निशान और अंदरूनी चोटें पाई गईं। हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है और पुलिस इस पहलू की गहन जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतिका भिलाई की रहने वाली थी और एक टॉकीज में मैनेजर के पद पर कार्यरत थी। घटना वाले दिन वह अपने दोस्त छत्रपाल देशमुख और घनश्याम बेलचंदन के साथ घूमने निकली थी। जांच में पता चला कि दोनों आरोपियों ने उसे उसकी इच्छा के विरुद्ध शराब पिलाई, जिससे वह सामान्य स्थिति में नहीं रही। इसके बाद उसे मनगट्टा स्थित विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट ले जाया गया।
पुलिस की जांच में आरोप सामने आया कि रिसॉर्ट संचालक आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री से पुलिस को युवती की संदिग्ध मौत की सूचना दी गई थी।
एसपी अंकिता शर्मा के निर्देश पर सोमनी पुलिस और साइबर सेल की विशेष टीम गठित की गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दो दिन के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट का संचालक आशुतोष हिरवानी (26), छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख (25) और घनश्याम बेलचंदन (25) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, जबरन चोट पहुंचाने सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं युवती की मौत की असली वजह जानने के लिए जांच और पूछताछ जारी है।




