छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

कोरबा में सड़कों का मेगा प्लान शुरू, 340 करोड़ से ज्यादा के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन

रायपुर। कोरबा स्थापना दिवस और सुशासन तिहार के मौके पर जिले को बड़ी विकास सौगात मिली। उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने दर्री बैराज स्थित मेजर ध्यानचंद चौक में आयोजित कार्यक्रम में करोड़ों रुपये की सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं के तहत ध्यानचंद चौक से बजरंग चौक, रिसदा चौक से रिसदी चौक, दर्री बैराज से बरमपुर चौक तथा हरदी बाजार-तरदा-सर्वमंगला-इमलीछापर मार्ग का सीमेंट कंक्रीटीकरण किया जाएगा। कुल मिलाकर 340 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क निर्माण कार्य होंगे।

मंत्री देवांगन ने कहा कि कोरबा की बहुप्रतीक्षित सड़कों का सपना अब जमीन पर उतरने जा रहा है। सड़क निर्माण शुरू होने से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात सुगम होगा और लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जिले के विकास को लगातार गति मिल रही है।

उन्होंने कहा कि डीएमएफ फंड से जिले में सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल, आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य केंद्र जैसे कई आधारभूत निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा शिक्षकों और स्वास्थ्य कर्मियों की भर्ती, विद्यार्थियों के लिए कोचिंग और स्कूलों में नाश्ता जैसी योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं। शहर की पेयजल समस्या दूर करने के लिए भी 36 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि जिले की हर सड़क को बेहतर बनाने का लक्ष्य रखा गया है ताकि लोगों को गड्ढामुक्त और सुरक्षित सड़कें मिल सकें। अधिकारियों ने निर्माण कार्य तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने का भरोसा दिलाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button