नैनो उर्वरकों ने बदली किसान हीरा सिंह ध्रुव की किस्मत, कम लागत में मिली बेहतर पैदावार

रायपुर। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम गुडेलिया के प्रगतिशील किसान हीरा सिंह ध्रुव आधुनिक खेती की नई सोच के साथ क्षेत्र के किसानों के लिए प्रेरणा बनकर सामने आए हैं। उन्होंने अपनी खेती में पारंपरिक रासायनिक खादों की जगह नैनो डीएपी और नैनो यूरिया का उपयोग कर बेहतर उत्पादन और उच्च गुणवत्ता वाली फसल हासिल की है।
हीरा सिंह ध्रुव के अनुसार, नैनो उर्वरक कम कीमत में उपलब्ध होने के साथ-साथ इनके परिवहन और खेतों में छिड़काव में भी आसानी होती है। इसके उपयोग से खेती की लागत में कमी आई है और समय एवं श्रम की बचत भी हुई है।
उन्होंने बताया कि नैनो उर्वरकों के संतुलित उपयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति में सुधार देखने को मिला है, जिससे जमीन की सेहत बेहतर बनी हुई है। सकारात्मक परिणामों को देखते हुए उन्होंने जिले एवं प्रदेश के किसानों से आधुनिक नैनो तकनीक आधारित उर्वरकों को अपनाने की अपील की है, ताकि कम खर्च में अधिक लाभ के साथ टिकाऊ खेती को बढ़ावा मिल सके।




