हरेली के रंग में सजा नवा रायपुर, CM साय बोले- किसान मजबूत होगा तो गांव और छत्तीसगढ़ मजबूत होगा

नवा रायपुर में हरेली तिहार का उत्सव इस बार गृह प्रवेश समारोह के साथ खास अंदाज में मनाया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के नवीन शासकीय आवास में आयोजित गृह प्रवेश और हरेली उत्सव में शामिल हुए। उन्होंने टंकराम वर्मा और उनके परिवार को नए आवास में प्रवेश की शुभकामनाएं दीं और सुखी, समृद्ध एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ के प्रथम लोक पर्व हरेली की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व प्रदेश की कृषि संस्कृति, प्रकृति और ग्रामीण जीवन से गहराई से जुड़ा हुआ है। हरेली पर किसान कृषि औजारों और गौवंश की पूजा कर अच्छी बारिश, बेहतर फसल और परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं।
किसान प्रदेश की तरक्की की असली ताकत
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव खेती-किसानी है। किसान प्रदेश की प्रगति की धुरी हैं और किसानों की खुशहाली में ही छत्तीसगढ़ की समृद्धि छिपी है। सरकार किसानों की आय बढ़ाने, खेती को लाभकारी बनाने और कृषि क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित करने पर लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी की जा रही है। इससे किसान परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिली है।
साय ने सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा कृषि भूमि को सुनिश्चित सिंचाई की सुविधा मिले, ताकि किसानों की बारिश पर निर्भरता कम हो और उत्पादन बढ़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को पारंपरिक खेती के साथ कृषि से जुड़ी आयमूलक गतिविधियों से जोड़ने पर भी सरकार का फोकस है। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार आधुनिक कृषि तकनीक, सिंचाई, कृषि यंत्रीकरण और अन्य योजनाओं के जरिए किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास कर रही है।
हरेली से शुरू होता है पर्वों का सिलसिला
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी प्रदेशवासियों को हरेली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और कृषि परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। इसी पर्व के साथ प्रदेश में तीज-त्योहारों का सिलसिला शुरू होता है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष अच्छी बारिश से किसानों में उत्साह है और बेहतर फसल की उम्मीद बढ़ी है। उन्होंने कामना की कि प्रदेश के खेत-खलिहान अच्छी फसल से लहलहाएं और किसानों के घर खुशहाली आए।
टंकराम वर्मा के राम भजन से भक्तिमय हुआ माहौल
हरेली उत्सव और गृह प्रवेश समारोह के दौरान राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने राम भजन की प्रस्तुति भी दी। भजन ने पूरे समारोह का माहौल भक्तिमय कर दिया। मौजूद अतिथियों और नागरिकों ने उनकी प्रस्तुति का आनंद लिया।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक मोतीलाल साहू और इंद्रकुमार साहू सहित कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और टंकराम वर्मा के परिजन मौजूद रहे।



