कभी सोशल मीडिया पर लोग करते थे IPS Abhishek Pallava की PC का इंतजार, और अब…

4rtheyenews वक्त सबका आता है, लेकिन वक्त किसी का नहीं होता!…..
छत्तीसगढ़ में सत्ता का पहिया घूमा, तो अफसरशाही की दुनिया भी उलट-पलट हो गई। जो अधिकारी कल तक सत्ता की आंखों के तारे थे, वे आज सवालों के घेरे में हैं। कांग्रेस शासन में पुलिसिंग कम और सोशल मीडिया पर अपनी ब्रांडिंग ज्यादा करने वाले आईपीएस अभिषेक पल्लव अब भाजपा सरकार के आते ही जांच एजेंसियों के निशाने पर हैं। महादेव सट्टा ऐप के खिलाफ वीडियो बनाकर चेतावनी देने वाले वही अफसर अब उसी मामले में खुद सीबीआई की पूछताछ का सामना कर रहे हैं।
महादेव सट्टा ऐप: कौन था शिकारी, कौन हो गया शिकार?….
महादेव सट्टा ऐप घोटाले की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं। एक ऐसा ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क, जिसका टर्नओवर 5000 करोड़ रुपये से ज्यादा बताया जाता है, और जिसमें दुबई से लेकर भारत तक के कई बड़े चेहरे जुड़े होने के आरोप लगे। जब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार थी, तब इस घोटाले पर खूब बयानबाजी हुई।
आईपीएस अभिषेक पल्लव उस दौर में महादेव ऐप के खिलाफ मुखर थे। वे वीडियो बनाकर बताते थे कि कैसे इस ऐप के जरिए करोड़ों का काला धन इधर-उधर किया जा रहा है, कैसे समाज के युवाओं को जुए और सट्टे की दलदल में धकेला जा रहा है। लेकिन आज कहानी बदल गई है।
26 मार्च को जब सीबीआई की 10 से ज्यादा टीमें रायपुर और भिलाई में अलग-अलग ठिकानों पर छापा मार रही थीं, तो एक टीम अभिषेक पल्लव के घर भी पहुंची। वही अधिकारी, जो कल तक अपराधियों के घरों में रेड कर रहे थे, आज खुद जांच के दायरे में हैं।
“सरकार बदलती है, तो सब कुछ बदल जाता है!”…
छत्तीसगढ़ में सत्ता परिवर्तन के बाद कई अफसरों की स्थिति तेजी से बदली है। कांग्रेस सरकार में जो अधिकारी ताकतवर थे, भाजपा सरकार के आते ही वे सवालों के घेरे में आ गए। लेकिन ये पहली बार नहीं है जब किसी अफसर का वक्त बदलने पर हालात बदल गए हों। सत्ता के करीब रहने वाले अधिकारियों के लिए यह एक सबक है कि सरकारें स्थायी नहीं होतीं, लेकिन कानून का पहिया हमेशा घूमता रहता है। 2018 में जब कांग्रेस की सरकार आई, तो कई अफसरों को सरकार का करीबी माना जाने लगा। कुछ ने खुलकर सरकार का पक्ष लिया, कुछ ने अपनी प्रशासनिक शक्ति का इस्तेमाल राजनीतिक समीकरणों को साधने में किया। लेकिन जब 2023 में भाजपा की सरकार बनी, तो सत्ता के साथ समीकरण भी बदल गए।