छत्तीसगढ़ में ‘चलो दिल्ली’ पर सियासी संग्राम: कांग्रेस की बसों को हरी झंडी मिलते ही बीजेपी ने जारी किए व्यंग्यात्मक पोस्टर

Political battle in Chhattisgarh over 'Chalo Delhi' (Let's Go to Delhi): BJP releases satirical posters as Congress buses get the green light
आर्टिकल अच्छा लगे तो शेयर करें

छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर दिल्ली जाने वाली बसों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। राजधानी रायपुर से कांग्रेस की रैली के लिए दिल्ली रवाना होने वाली बसों की घोषणा के साथ ही प्रदेश बीजेपी ने सोशल मीडिया पर व्यंग्य पोस्टर्स की पूरी श्रृंखला जारी कर जोरदार हमला बोला है।

कांग्रेस का ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ अभियान

कांग्रेस के व्हाट्सएप ग्रुप (PCC MEDIA OFFICIAL) से मिली जानकारी के अनुसार, ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ रैली में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से दिल्ली के लिए विशेष बसें रवाना की जा रही हैं।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) अध्यक्ष दीपक बैज ने रायपुर के बीटीआई मैदान, शंकर नगर से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने का कार्यक्रम तय किया, जहां प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेंदु सहित संगठन के कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे। इसके साथ ही कांग्रेस ने राज्य में किसानों की खराब हुई खरीफ फसलों के तत्काल सर्वे और प्रति एकड़ मुआवाजे की मांग को लेकर भी सरकार को घेरा है।

बीजेपी का ‘चलो दिल्ली’ पोस्टर वार

कांग्रेस की बसों के रवाना होते ही छत्तीसगढ़ बीजेपी ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर “तब भी ‘चलो दिल्ली’, अब भी ‘चलो दिल्ली’…”

कैप्शन के साथ कई तीखे कार्टून और पोस्टर साझा किए:

  1. “चलो दिल्ली” मॉडल का तंज: बीजेपी ने लिखा कि “कांग्रेस का ‘चलो दिल्ली’ मॉडल छत्तीसगढ़ कांग्रेस के लिए बहुत पुराना है।”
  2. नेतृत्व और सीएम फेस पर कटाक्ष: पोस्टरों में दिखाया गया कि जब भी सीएम फेस तय नहीं होता था या कुर्सी का विवाद खड़ा होता था, तब नेता बस पकड़कर दिल्ली का रुख करते थे।
  3. ‘ढाई-ढाई साल’ का फॉर्मूला: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और टी.एस. सिंहदेव के बीच कुर्सी और ‘ढाई-ढाई साल’ के फॉर्मूले को लेकर हुए कथित विवाद को कार्टून के जरिए दर्शाया गया।
  4. ‘एटीएम’ और हार का ठीकरा: पोस्टरों में छत्तीसगढ़ को दिल्ली दरबार का “एटीएम” बनाकर पैसे पहुंचाने और 2023 की चुनावी हार का ठीकरा एक-दूसरे पर फोड़ने का आरोप लगाया गया।

सोशल मीडिया पर गरमाया माहौल

जहां एक ओर कांग्रेस दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन के जरिए केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी ताकत दिखाने की तैयारी में जुटी है, वहीं दूसरी ओर बीजेपी ने कांग्रेस के इस आंदोलन को पुरानी अंतर्कलह और दिल्ली पर निर्भरता से जोड़ते हुए राजनीतिक घेराबंदी शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *