Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

सुशासन तिहार के मंच पर सियासी संग्राम: विधायक धरमलाल कौशिक और कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला के बीच तीखी नोकझोंक

Political battle on the stage of Sushasan Tihar: A heated exchange between MLA Dharamlal Kaushik and Congress leader Rajendra Shukla

बिलासपुर जिले के बिल्हा विधानसभा क्षेत्र स्थित ग्राम गोढ़ी में आयोजित सुशासन तिहार शिविर उस वक्त राजनीतिक अखाड़े में तब्दील हो गया, जब भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेंद्र शुक्ला के बीच मंच से ही तीखी बहस छिड़ गई।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस समर्थकों द्वारा लगाए गए ‘चोर-चोर’ के नारों से माहौल अचानक गर्मा गया। नारों से नाराज विधायक धरमलाल कौशिक ने कड़ी प्रतिक्रिया दी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई। कुछ समय के लिए कार्यक्रम स्थल पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान राजेंद्र शुक्ला ने किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता, बिजली-पानी की परेशानी, खराब सड़कों और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए शिकायतों के समय पर निराकरण नहीं होने का आरोप लगाया।

कांग्रेस नेता के आरोपों के जवाब में विधायक धरमलाल कौशिक ने सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का बचाव किया। दोनों नेताओं के बीच शुरू हुई बहस ने जल्द ही राजनीतिक रंग ले लिया।

इस घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले दुर्ग जिले के एक सुशासन तिहार शिविर में भी जनपद CEO और भाजपा नेता के बीच बहस सुर्खियों में रही थी।

Advertisement Carousel