छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

महासमुंद में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना को मिलेगी नई गति, प्रशिक्षण से मजबूत होगा क्रियान्वयन

महासमुंद जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रभावी संचालन हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बागबाहरा स्थित आईसीडीएस परियोजना कार्यालय में हुए इस प्रशिक्षण में योजना के शत-प्रतिशत पंजीयन, पात्र महिलाओं तक समय पर लाभ पहुंचाने और लंबित प्रकरणों के जल्द निपटारे पर विशेष फोकस किया गया।

प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न परियोजना क्षेत्रों के सीडीपीओ, सेक्टर पर्यवेक्षक एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर शामिल हुए। अधिकारियों ने बताया कि योजना का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं बल्कि गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल को सशक्त बनाना है। इसके लिए प्रत्येक पात्र हितग्राही का समय पर पंजीयन और सही जानकारी दर्ज होना आवश्यक है।

राज्य स्तर के मास्टर ट्रेनर्स ने प्रतिभागियों को योजना के नए दिशा-निर्देश, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, पोर्टल संचालन और भुगतान प्रणाली की जानकारी दी। तकनीकी सत्रों में ऑनलाइन डेटा एंट्री, दस्तावेज सत्यापन, भुगतान निगरानी और लंबित आवेदनों के त्वरित निराकरण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रशिक्षण के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पर्यवेक्षकों और ऑपरेटरों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए हितग्राहियों से नियमित संपर्क बनाए रखने और योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इस पहल से जिले में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के क्रियान्वयन में तेजी आने और अधिक से अधिक महिलाओं को समय पर लाभ मिलने की उम्मीद जताई गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button