रायपुर। छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड स्थित हरिहरपुर गांव में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, राजस्व और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे मंत्री के समक्ष रखे।
ग्रामीणों की मांगों और शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है।
मंत्री अग्रवाल ने अधिकारियों से कहा कि प्राप्त आवेदनों और शिकायतों की गंभीरता से जांच कर जल्द कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जनता से सीधा संवाद और उनकी अपेक्षाओं को समझना सुशासन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।
इस अवसर पर मंत्री ने ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।










