रायपुर: धान उठाव के मुद्दे पर कोरा झूठ बोल रही है कांग्रेस- भाजपा
रायपुर (Fourth Eye News) भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पूनम चन्द्राकर ने धान खरीदी केन्द्रों से धान उठाव के सरकारी दावों को कोरा झूठ बताते हुए कहा कि खरीदी केन्द्रों में अब भी 38.5 लाख मीटरिक टन धान जाम होने के समाचार निश्चित ही प्रदेश सरकार की नाकामी का नमूना है।
रायपुर: किसानों पर लाठीचार्ज को लेकर भाजपा नेताओ का दल राज्यपाल से मिला
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्राकर ने कहा कि प्रदेश सरकार की धान खरीदी नीति की घोर नाकामी के चलते पहले प्रदेश के अन्नदाता किसान परेशान होते रहे और अब शासन-प्रशासन की लापरवाही के चलते लाखों मीटरिक टन अन्न बरबाद होने के कगार पर है। शासन-प्रशासन को अन्न के इस खुले अपमान पर बेचैनी नहीं होना यकीनन शर्मनाक है।
चन्द्राकर ने कहा कि प्रदेश में मौसम की प्रतिकूलता व लगातार बारिश की आशंका बताए जाने के बावजूद शासन-प्रशासन ने धान के उठाव तथा सुरक्षित भंडारण के प्रति जरा भी गंभीरता नहीं दिखाई है। प्रदेश के अनेक स्थानों पर बारिश के चलते खुले में पड़े धान के अंकुरण की खबरें भी प्रकाश में आ रही हैं।
चन्द्राकर ने धान के उठाव व सुरक्षित भंडारण के लिए शासन व प्रशासन से पहल करने की मांग की है। इसी तरह जिन किसानों की मौसमी प्रतिकूलता के चलते दलहन आदि फसलें बर्बाद हो गई हैं, उन किसानों को भी पर्याप्त राहत पहुंचाने के लिए सरकार फौरी तौर पर सहायता मुहैया कराए ताकि किसानों को हुए नुकसान की भरपाई हो सके।