राजनांदगांव जिला अस्पताल को मिली नई सौगात, 6.42 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

राजनांदगांव में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने जिला चिकित्सालय परिसर में 6 करोड़ 42 लाख 70 हजार रुपये की लागत से किए गए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान 3 करोड़ 56 लाख 70 हजार रुपये की लागत से निर्मित जिला चिकित्सालय भवन के प्लिंथ अपग्रेडेशन एवं ऊंचाई विस्तार कार्य का लोकार्पण तथा 2 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से बनने वाले मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के नए भवन निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव में स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए मजबूत अधोसंरचना विकसित की गई है और जिला अस्पताल प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने वाले अग्रणी संस्थानों में शामिल हो चुका है। उन्होंने बताया कि अस्पताल और शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से उपचार प्राप्त करने वाले मरीजों की सकारात्मक प्रतिक्रिया स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की सक्रिय कार्यशैली को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना सरकार की प्राथमिकता है। राजनांदगांव जिले में इस दिशा में किए गए प्रयासों के अच्छे परिणाम सामने आए हैं और जिले की मातृ मृत्यु दर राज्य के औसत से कम दर्ज की गई है। कार्यक्रम में अस्पताल की छत मरम्मत, लिफ्ट सुधार, डीएमएफ मद से दो स्त्री रोग विशेषज्ञों की नियुक्ति, डेंटल एक्स-रे मशीन और सेपरेटर मशीन उपलब्ध कराने की घोषणा भी की गई।
सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि अस्पताल अब आधुनिक सुविधाओं से लैस होकर जिलेवासियों को समर्पित किया गया है। उन्होंने चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि उन्नयन कार्यों से मरीजों को और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त होंगी।
कल




