छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

छत्तीसगढ़ में पहली बार ट्राइबल गेम्स: तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक, व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के निर्देश

रायपुर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने छत्तीसगढ़ की मेजबानी में पहली बार आयोजित होने जा रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। रायपुर के साइंस कॉलेज परिसर स्थित विभागीय संचालनालय में हुई बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय रहते पुख्ता करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में उन्होंने कहा कि यह आयोजन राष्ट्रीय महत्व के साथ-साथ राज्य की प्रतिष्ठा से भी जुड़ा है, इसलिए सभी इंतजाम मजबूत, सुव्यवस्थित और त्रुटिरहित होने चाहिए। सभी विभागों को तेजी से काम पूरा कर निर्धारित समय से पहले तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया। खेल स्थलों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने के निर्देश भी दिए गए।

खिलाड़ियों और अधिकारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मैदानों, आवास स्थलों, एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर पर्याप्त स्टाफ तैनात करने पर जोर दिया गया, ताकि बाहर से आने वाले प्रतिभागियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। संस्कृति और पर्यटन विभाग को राज्य की परंपरा, कला और पर्यटन स्थलों की जानकारी देने के लिए विशेष व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए।

विभिन्न भाषाई राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों के मद्देनजर संबंधित भाषाओं के जानकार अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने को भी कहा गया। बैठक में विभागीय संचालक तनूजा सलाम, उप संचालक रश्मि ठाकुर सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि अंबिकापुर और जगदलपुर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

25 मार्च से 3 अप्रैल तक रायपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर में आयोजित होने वाले इन खेलों में सात प्रतिस्पर्धी खेलों के साथ कबड्डी और मलखंब का प्रदर्शन भी होगा। देशभर के 30 राज्यों से लगभग 2500 खिलाड़ी, प्रशिक्षक और अधिकारी इसमें भाग लेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button