सरगुजा विकास कार्यों की समीक्षा: योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर

सरगुजा जिले में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय विभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने की। उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर शासन की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा जनप्रतिनिधियों को लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। अम्बिकापुर शहर में पेयजल और बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान, सड़कों की मरम्मत और बारिश से पहले निर्माण कार्य पूरे करने के निर्देश भी दिए गए।
तेंदूपत्ता संग्रहण और भुगतान की समीक्षा के दौरान वन संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए अवैध कटाई रोकने और व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने की बात कही गई। हाथी प्रभावित क्षेत्रों में जनहानि और फसल नुकसान के मामलों में प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए विभागवार मॉनिटरिंग और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। जहां संभव हो, वहां समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर नागरिकों को तत्काल राहत देने की बात कही गई।
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान सीमांकन, नामांतरण, त्रुटि सुधार, नक्शा बटांकन, आधार सीडिंग और अतिक्रमण से जुड़े मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए गए। कृषि विभाग की समीक्षा में किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने, वितरण केंद्रों की निगरानी बढ़ाने और उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल को सरगुजा के समग्र विकास की कुंजी बताते हुए सभी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।




