वनाश्रित परिवारों के 8,631 विद्यार्थियों को 12.26 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति, उच्च शिक्षा को मिला बड़ा सहारा

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार वनाश्रित परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य देने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने नया रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय से 12.26 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति राशि का ऑनलाइन वितरण किया। यह राशि छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ की विभिन्न योजनाओं के तहत 8,631 विद्यार्थियों के खातों में सीधे अंतरित की गई।
इस पहल का उद्देश्य तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के बच्चों को आर्थिक बाधाओं से मुक्त कर उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है। प्रतिभाशाली शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत 6,133 विद्यार्थियों को 11.39 करोड़ रुपये दिए गए। इसके अलावा मेधावी छात्र पुरस्कार, गैर-व्यावसायिक एवं व्यावसायिक शिक्षा छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से भी छात्रों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। सरकार का मानना है कि ये योजनाएं वनांचल के युवाओं के सपनों को नई उड़ान दे रही हैं।




