चिरमिरी के आत्मानंद स्कूल में शाला प्रवेश उत्सव, 20 छात्राओं को मिली साइकिल, 50 पौधों से दिया हरियाली का संदेश

कोरिया जिले के चिरमिरी स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी विद्यालय, गोदरीपारा में शनिवार को शाला प्रवेश उत्सव, निःशुल्क सरस्वती साइकिल वितरण और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का आयोजन उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास तथा 20 सूत्रीय कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा पहली में प्रवेश लेने वाले नन्हे विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें पाठ्यपुस्तकें और परिचय पत्र भी वितरित किए गए। विद्यालय परिसर में बच्चों और अभिभावकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘मिशन 100’ के तहत कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम का संकल्प दिलाया गया। विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य तय कर मेहनत करने की प्रेरणा दी गई। अभिभावकों से भी बच्चों की पढ़ाई में सक्रिय भूमिका निभाने और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत 20 पात्र छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं। छात्राओं ने इस पहल पर खुशी जताई। यह योजना बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने और विद्यालय तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में 50 पौधों का रोपण किया गया। जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने पौधों की देखभाल का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में महापौर रामनरेश राय, जिला शिक्षा अधिकारी रविकांत यादव, प्राचार्य बलविंदर सिंह सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।




