सोलर ऊर्जा से चमकी किस्मत: बेन्द्रिडीह के सतेंद्र कुमार का बिजली बिल हुआ जीरो, ग्रिड को भी बेच रहे बिजली

खैरागढ़ जिले के ग्राम बेन्द्रिडीह के निवासी सतेंद्र कुमार के लिए प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना किसी वरदान से कम साबित नहीं हुई है। इस योजना का लाभ लेकर उन्होंने न केवल अपने घर का बिजली खर्च पूरी तरह समाप्त कर दिया है, बल्कि अतिरिक्त बिजली उत्पादन कर उसे ग्रिड में भेजकर भी फायदा हासिल कर रहे हैं।
भीषण गर्मी के मौसम में जहां बढ़ते बिजली बिल आम परिवारों की चिंता बढ़ा रहे हैं, वहीं सतेंद्र कुमार का पिछले चार महीनों से बिजली बिल शून्य आ रहा है। योजना का लाभ लेने से पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल लगभग 1500 रुपये आता था, जो गर्मियों में कूलर, पंखे और अन्य उपकरणों के उपयोग के कारण और बढ़ जाता था।
प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत घर की छत पर सोलर पैनल लगवाने के बाद उनकी बिजली की पूरी जरूरत सौर ऊर्जा से पूरी हो रही है। बीते महीने उनके सोलर सिस्टम ने 478 यूनिट बिजली का उत्पादन किया, जिसमें से 376 यूनिट बिजली ग्रिड को भेजी गई। नेट मीटरिंग व्यवस्था के कारण उन्हें अतिरिक्त उत्पादन का भी लाभ मिल रहा है।
सतेंद्र कुमार का कहना है कि इस योजना ने उन्हें आर्थिक बचत के साथ-साथ स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा अपनाने का अवसर दिया है। उन्होंने क्षेत्र के अन्य लोगों से भी योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए सब्सिडी प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य आम नागरिकों को सस्ती, स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा उपलब्ध कराना है। सतेंद्र कुमार की सफलता इस योजना के सकारात्मक प्रभाव की मिसाल बनकर सामने आई है।




