छत्तीसगढ़ विधानसभा के पावस सत्र के सुचारु संचालन और सदन की कार्यवाही की रूपरेखा तय करने के लिए सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में कार्य मंत्रणा समिति की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक विधानसभा के समिति कक्ष में संपन्न हुई, जिसमें सत्र के दौरान होने वाले कार्यों और विधायी एजेंडे पर चर्चा की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी सहित समिति के अन्य सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में पावस सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही को प्रभावी, सुव्यवस्थित और सार्थक बनाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।






