Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

आधुनिक खेती की ओर बढ़े गन्ना किसान, 267 गांवों में प्रशिक्षण और किसान चौपाल अभियान शुरू

Sugarcane farmers shift towards modern farming; training and 'Kisan Chaupal' campaign launched across 267 villages.

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार गन्ना किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आधुनिक खेती से जोड़ने के लिए व्यापक प्रशिक्षण अभियान चला रही है। इसी कड़ी में सूरजपुर जिले के केरता स्थित माँ महामाया सहकारी शक्कर कारखाना के माध्यम से गन्ना उत्पादक किसानों के लिए विभिन्न गांवों में प्रशिक्षण शिविर और किसान चौपाल आयोजित किए जा रहे हैं। यह पहल कलेक्टर रेना जमील के निर्देश पर शुरू की गई है।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गन्ना उत्पादन बढ़ाना, खेती की लागत कम करना और किसानों को वैज्ञानिक कृषि तकनीकों से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि करना है। कारखाना क्षेत्र के अंतर्गत सूरजपुर, बलरामपुर और सरगुजा जिले के 267 गांवों के किसानों को उन्नत गन्ना उत्पादन की नई तकनीकों की जानकारी दी जा रही है।

प्रशिक्षण के दौरान कृषि विशेषज्ञ किसानों को उन्नत बीजों का चयन, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, जल संरक्षण, वैज्ञानिक सिंचाई पद्धति, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग की जानकारी दे रहे हैं। ग्राम परसवार, मायापुर-1, बैकोना, पोडिया, बगड़ा, मायापुर-2, सुंदरगंज, दुप्पी, रेवतपुर, कुंदीकला, अखोराखुर्द, टुकुडांड, पोपरंगा, महोरा, धरमपुर और रुखपुर समेत कई गांवों में आयोजित किसान चौपालों में किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रशिक्षण के साथ किसानों को गन्ना खेतों का व्यवहारिक भ्रमण भी कराया जा रहा है, जहां लाइन से लाइन की उचित दूरी, अधिक उत्पादन देने वाली उन्नत किस्मों का चयन और कीट-रोगों की पहचान व नियंत्रण के व्यावहारिक तरीके बताए जा रहे हैं। कारखाना प्रबंधन ने किसानों से आधुनिक तकनीकों को अपनाकर बेहतर गुणवत्ता और अधिक उत्पादन वाला गन्ना तैयार करने की अपील की है, जिससे क्षेत्र में कृषि विकास के साथ किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो सके।

Advertisement Carousel