सुशासन तिहार की घोषणाएं जमीन पर उतरीं, सरगुजा के गांवों में विकास कार्यों को मिली मंजूरी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आयोजित सुशासन तिहार जनसंवाद के साथ-साथ आम जनता की अपेक्षाओं को तेजी से पूरा करने का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। राज्य शासन और जिला प्रशासन ग्रामीणों की मांगों एवं समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार संवेदनशीलता और सक्रियता के साथ कार्य कर रहे हैं।
इसी क्रम में सरगुजा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा ग्रामीणों की मांगों पर की गई घोषणाओं को तेजी से अमल में लाते हुए विभिन्न विकास कार्यों को मंजूरी प्रदान की गई है।
गौरतलब है कि 3 मई 2026 को सुशासन तिहार के तहत बतौली विकासखंड के ग्राम पंचायत सिलमा के शांतिपारा में आयोजित जन चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर क्षेत्र की जरूरतों को जाना था और कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणा की थी।
जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम सिलमा में डीएमएफ और मनरेगा के अभिसरण से 18.30 लाख रुपये की लागत से नए पंचायत भवन, 2.50 लाख रुपये की लागत से मुक्तिधाम और 11.63 लाख रुपये की लागत से नए पीडीएस भवन निर्माण को स्वीकृति दी है। वहीं ग्राम कुनकुरीकला में भी डीएमएफ और मनरेगा की मदद से 18.30 लाख रुपये की लागत से नवीन पंचायत भवन निर्माण को मंजूरी मिली है।
मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर शीघ्र कार्रवाई से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन-प्रशासन सीधे गांव तक पहुंच रहा है और समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा जनसमस्याओं के निराकरण और विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।




