छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

जनगणना 2027 के लिए जोरदार शुरुआत, स्वगणना अभियान में जनता से बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील

रायपुर। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने जनगणना को देश के विकास की मजबूत नींव बताते हुए नागरिकों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि भविष्य की योजनाओं और नीतियों का आधार होती है, इसलिए हर नागरिक की भागीदारी बेहद जरूरी है।

जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत जिले में स्वगणना की प्रक्रिया 16 अप्रैल से शुरू हो चुकी है, जो 30 अप्रैल 2026 तक चलेगी। इसके बाद 1 मई से 30 मई 2026 के बीच मकानों का सूचीकरण और गणना का कार्य किया जाएगा।

इसी कड़ी में शुक्रवार को कलेक्टरेट सभाकक्ष, अंबिकापुर में आयोजित बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को जनगणना की शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे खुद इस प्रक्रिया को समय पर पूरा करेंगे और समाज के अन्य लोगों को भी इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगे।

शपथ के दौरान यह भी तय किया गया कि प्रगणकों द्वारा पूछे गए सभी सवालों का सही और पूर्ण जवाब दिया जाएगा। साथ ही, सभी ने जिम्मेदार नागरिक के रूप में जनगणना 2027 को सफल बनाने और देश के विकास में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

बैठक में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने इस अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने पर जोर दिया और इसे एक राष्ट्रीय जिम्मेदारी के रूप में निभाने की प्रतिबद्धता जताई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button