एकलव्य संवाद में CM साय ने बढ़ाया छात्रों का हौसला, बोले- मेहनत और अनुशासन ही सफलता की असली कुंजी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित ‘एकलव्य संवाद’ कार्यक्रम में NEET-2026 में सफलता हासिल करने वाले एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों की सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और विशेष रूप से जनजातीय समाज के लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एकलव्य विद्यालयों के विद्यार्थियों ने साबित कर दिया है कि यदि सही अवसर, संसाधन और मार्गदर्शन मिले तो प्रतिभा किसी भी कठिन परिस्थिति को पीछे छोड़ सकती है। उन्होंने महाभारत के पात्र एकलव्य का उदाहरण देते हुए छात्रों से जीवन में अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास बनाए रखने की अपील की। उनका कहना था कि सफलता का सबसे बड़ा मंत्र निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण है।
विद्यार्थियों से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने गुरु के महत्व पर भी प्रकाश डाला और संत कबीर के प्रसिद्ध दोहे का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवन में गुरु का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज के प्रति जिम्मेदार और संवेदनशील डॉक्टर बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डॉक्टर केवल इलाज नहीं करता, बल्कि मरीज को नया जीवन और आत्मविश्वास भी देता है।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए बताया कि राज्य में मेडिकल कॉलेजों की संख्या लगातार बढ़ी है और अब मेडिकल शिक्षा हिंदी माध्यम में भी उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नालंदा परिसर, ट्राइबल यूथ हॉस्टल, छात्रवृत्ति, शिक्षा ऋण और अन्य योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों को मिल रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी देते हुए कहा कि छात्र भी अपनी समस्याएं सीधे शासन तक पहुंचा सकते हैं। वहीं बस्तर और अन्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा के विस्तार, नए स्कूलों और एजुकेशन सिटी की स्थापना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब विकास और शिक्षा दोनों नई गति से आगे बढ़ रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपनी प्रतिभा और सेवा भावना से प्रदेश और देश का नाम रोशन करें तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।




