टंडवा को मिली 8.32 करोड़ की विकास सौगात, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने किया सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन

रायपुर जिले के तिल्दा विकासखंड के ग्राम टंडवा में विकास कार्यों को नई गति मिली। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने यहां 8.32 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं सहित शिक्षा से जुड़े बुनियादी ढांचे की सौगात दी गई।
मंत्री वर्मा ने 444.55 लाख रुपये की लागत से बनने वाली दैहानपारा से झोपड़ापारा-बैकुंठ सड़क (2.675 किमी) तथा 387.69 लाख रुपये की लागत वाली टंडवा से बैकुंठ सड़क (2.65 किमी) का भूमिपूजन किया। इसके अलावा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित साइकिल स्टैंड और 10 लाख रुपये के प्रार्थना शेड का लोकार्पण भी किया गया।
इस अवसर पर मंत्री वर्मा ने कहा कि ग्रामीणों की वर्षों पुरानी सड़क निर्माण की मांग अब पूरी हो रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में भी इस सड़क को स्वीकृति मिली थी, लेकिन विभिन्न कारणों से कार्य शुरू नहीं हो सका। अब दोनों प्रमुख सड़कों के निर्माण से विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी और समय की बचत होगी।
उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में पंचायत क्षेत्र में लगभग 77 लाख रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं। इनमें महतारी सदन, पीडीएस भवन, उद्यान विकास, शौचालय, साइकिल स्टैंड, स्मार्ट क्लास और अन्य जनहितकारी निर्माण कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री वर्मा ने विद्यार्थियों और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीति का वास्तविक उद्देश्य सत्ता नहीं, बल्कि जनसेवा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने युवाओं को कर्मप्रधान जीवन अपनाने की सीख देते हुए कहा कि व्यक्ति की पहचान उसके कार्यों से होती है, न कि प्रशंसा या आलोचना से। उन्होंने रामचरितमानस का उल्लेख करते हुए कहा कि दूसरों के जीवन में मुस्कान लाना सबसे बड़ा धर्म है।
कार्यक्रम में जिला एवं जनपद पंचायत के पदाधिकारी, सरपंच, जनप्रतिनिधि, विद्यालय के शिक्षक, ग्रामीण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



