प्रधानमंत्री आवास योजना से सुखराम को मिला पक्का घर, बदली जिंदगी

रायपुर। हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसकी अपनी जमीन पर उसका पक्का घर हो। सरगुजा जिले के जनपद पंचायत सीतापुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत रायकेरा के निवासी सुखराम का यह सपना अब हकीकत बन चुका है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने उनके जीवन में केवल एक घर ही नहीं दिया, बल्कि सम्मान और सुरक्षित जीवन का भरोसा भी दिया है।
सुखराम का परिवार कई पीढ़ियों से रायकेरा गांव में रह रहा है। लंबे समय तक वे एक कच्चे मकान में रहने को मजबूर थे। घर में केवल एक कमरा था, जिसमें ही परिवार का रहना, खाना बनाना और सोना सब कुछ होता था। बरसात के दिनों में कच्ची छत से पानी टपकता था और घर गिरने का डर हमेशा बना रहता था। ऐसे हालात में परिवार को कई बार रातें जागकर गुजारनी पड़ती थीं।
हालात तब बदले जब सुखराम का चयन प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत हुआ। योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता और तकनीकी सहयोग से उन्होंने अपने सपनों का पक्का घर बना लिया। अब उनका परिवार मजबूत और सुरक्षित छत के नीचे रह रहा है।
नए पक्के घर ने सुखराम के जीवन में खुशियों की नई शुरुआत कर दी है। उनका कहना है कि पक्का मकान मिलने से परिवार की जिंदगी आसान और सुरक्षित हो गई है। बच्चों के लिए भी अब एक बेहतर और स्थिर माहौल मिल पाया है।
सुखराम ने इस योजना के लिए केंद्र और राज्य सरकार का आभार जताया है। जिला प्रशासन के प्रयासों से सरगुजा जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में भी हजारों परिवारों को पक्के घर मिल रहे हैं, जिससे उनका जीवन स्तर बेहतर हो रहा है।




