बीजापुर के CRPF इंस्पेक्टर बने KBC के नए करोड़पति

बीजापुर में तैनात CRPF इंस्पेक्टर बिप्लव बिश्वास ने रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) सीजन-17 में अपनी सूझबूझ और ज्ञान के दम पर 1 करोड़ रुपए की राशि जीत ली। झारखंड के रांची के रहने वाले बिप्लव ने ‘फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट’ राउंड जीतकर हॉटसीट तक का सफर तय किया।
शो की शुरुआत में उन्होंने अमिताभ बच्चन से गले मिलने की इच्छा जताई, जिसे बिग बी ने स्वीकार कर लिया। बातचीत में बिप्लव ने जंगलों में अपनी चुनौतीपूर्ण तैनाती और साथी जवानों के बलिदान का जिक्र किया। उनके आत्मविश्वास और समझदारी को देखकर अमिताभ बच्चन ने उन्हें और उनके परिवार को अपने घर डिनर पर आमंत्रित किया।
खेल के दौरान बिप्लव ने 5 लाख रुपए तक के सभी सवाल बिना लाइफलाइन के सही जवाब दिए, 12.50 लाख रुपए के सवाल पर ऑडियंस पोल, 25 लाख रुपए पर Ask the Expert, और 50 लाख रुपए पर 50-50 लाइफलाइन का इस्तेमाल किया।
1 करोड़ के सवाल पर उन्होंने तुरंत जवाब देने का निर्णय लिया और सही उत्तर ‘इसेयर’ दिया। सवाल था: “स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी को फ्रांस से अमेरिका ले जाने वाले जहाज का नाम क्या था?” बिप्लव ने बताया कि जहाज के स्टीयरमैन का नाम याद होने के कारण उन्हें उत्तर पर पूरा भरोसा था।
बीजापुर का यह जवान अब KBC सीजन-17 के दूसरे करोड़पति के रूप में अपनी पहचान बनाने में सफल रहा।




